http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 03 दिसंबर, 2005 को 00:10 GMT तक के समाचार

लेबनान में सामूहिक क़ब्र में 20 शव मिले

लेबनान में सीरियाई सेना की ख़ुफ़िया एजेंसी के पूर्व मुख्यालय के पास एक सामूहिक क़ब्र मिली है जिसमें 20 शव मिले हैं.

लेबनान की पुलिस पूर्वी बेक्का घाटी में मिली इस सामूहिक क़ब्र की खुदाई कर रही है. यह इलाक़ा सीरिया की सीमा के निकट है. शवों को डीएनए जाँच के लिए ले जाया गया है.

यह सामूहिक क़ब्र उस जेल के निकट है जिसे सीरियाई सैनिक चलाते थे और इसमें लेबनान के बंदियों को क़ैद करके रखा जाता था.

कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि इन शवों को क़रीब 12 साल पहले यहाँ दफ़नाया गया था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ एक व्यक्ति सैनिक पोशाक पहने हुए थे.

नियंत्रण

लेबनान से बीबीसी संवाददाता का कहना है कि लेबनान में 29 वर्षों तक चले सीरियाई सैनिक नियंत्रण के दौरान बड़ी संख्या में लोग लापता हो गए थे.

अभी भी लेबनान के लोगों को उम्मीद है कि इनमें से कई लोग सीरिया की जेलों में बंद हैं.

इसी साल अप्रैल में सीरिया का लेबनान पर से नियंत्रण ख़त्म हुआ है. लेबनान के पूर्व प्रधानमंत्री रफ़ीक़ हरीरी की हत्या के बाद सीरिया पर लेबनान से वापस हटने के लिए दबाव बढ़ा था.

पिछले महीने ही लेबनान के रक्षा मंत्रालय के निकट भी एक सामूहिक क़ब्र मिली थी. जिसमें 24 मानव अवशेष मिले थे.

इनमें से ज़्यादातर शव लेबनानी सैनिकों के थे जिन्होंने लेबनान के गृह युद्ध के बाद सीरियाई सैनिकों के ख़िलाफ़ संघर्ष किया था.

बेरूत से बीबीसी संवाददाता किम घटास का कहना है कि लेबनानी बंदियों को सीरिया ले जाते समय यहाँ की जेलों में रखा जाता था और जो प्रताड़ित किए जाने के कारण मर जाते थे उन्हें दफ़ना दिया जाता था.