शुक्रवार, 02 दिसंबर, 2005 को 04:13 GMT तक के समाचार
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने घोषणा की है कि वह सिगरेट पीने वाले या तंबाकू का इस्तेमाल करने वाले लोगों को नौकरियाँ नहीं देगा.
यह नियम गुरूवार से लागू हो गया है, इसके तहत नौकरी के लिए आवेदन देने वाले व्यक्ति को बताना होगा कि वह सिगरेट या तंबाकू का सेवन नहीं करता है.
इसमें तंबाकू चबाने वाले और नसवार सूँघने वाले लोग भी शामिल हैं.
संगठन का कहना है कि वह दुनिया भर में तंबाकू से सेहत पर पड़ने वाले नुक़सान का प्रचार कर रहा है ऐसे में उसके कर्मचारी ही इस बात न मानें यह ठीक नहीं है.
संगठन का कहना है कि तंबाकू का इस्तेमाल करने वाले मौजूदा कर्मचारियों को नौकरी से नहीं हटाया जाएगा लेकिन उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा कि वे इस आदत को छोड़ दें.
स्विट्ज़रलैंड में जिनेवा स्थित विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुख्यालय में लगभग 2400 लोग काम करते हैं.
कर्मचारियों के बीच बाँटी गई चिट्ठी में कहा गया है संगठन 'तंबाकू की महामारी' के ख़िलाफ़ अपनी मुहिम को अपनी इमारत के अंदर भी चलाना चाहता है.
तय किया गया है कि आगे से विश्व स्वास्थ्य संगठन की नौकरियों के विज्ञापन में लिखा होगा--"संगठन में धूम्रमुक्त वातावरण है और हम तंबाकू का इस्तेमाल करने वालों को नौकरी पर नहीं रखते."
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रवक्ता इयन सिंपसन ने कहा, "यह हमारे लिए सिद्धांत का मामला है."