शुक्रवार, 02 दिसंबर, 2005 को 01:20 GMT तक के समाचार
बेल्जियम की एक महिला की आत्मघाती बम हमलावर के रूप में पहचान होने के बाद वहाँ जनता सकते में है.
इराक़ में पिछले महीने हुए एक आत्मघाती हमले में मारी गई महिला के रूप में बेल्जियम के एक अख़बार ने 38 वर्षीय मुरिए देगाकू की तस्वीर छापी है और उनकी माँ का इंटरव्यू भी प्रकाशित किया है.
अख़बार का कहना है कि मुरिए ने एक कट्टरपंथी मुसलमान से शादी करने के बाद इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया था.
बेल्जियम के सरकारी अधिकारियों ने सिर्फ़ इतना स्वीकार किया है कि आत्मघाती हमलावर एक यूरोपीय मूल की बेल्जियन महिला थी लेकिन उन्होंने उसकी पक्की पहचान करने से इनकार कर दिया है.
मुरिए की माँ ने स्वीकार किया है कि उन्हें पता था कि हमलावर उनकी बेटी है, बाद में बेल्जियन पुलिस ने भी उन्हें बताया कि नौ नवंबर को बग़दाद में हुआ आत्मघाती हमला उनकी बेटी ने किया था.
अमरीकी सैनिकों के ऊपर किया गया यह हमला नाकाम रहा था लेकिन मुरिए की मौत हो गई थी.
मुरिए की माँ ने अख़बार से कहा,"मैंने टीवी पर ख़बर देखी थी कि हमलावर एक बेल्जियन महिला है जो मुसलमान बन गई थी तभी मुझे अंदाज़ा हो गया था."
उन्होंने कहा, "मैं पिछले तीन हफ़्तों से उससे बात करने की कोशिश कर रही थी लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा था."
मुरिए की माँ ने बताया कि उनकी बेटी की इस्लाम में दिलचस्पी वर्ष 2000 में शुरू हुई थी, मोरक्को के एक आदमी से शादी के बाद वह पूरी तरह मुसलमान बन गई.
उन्होंने कहा,"वह मुसलमानों से अधिक मुसलमान बन गई थी."
मुरिए के बारे में कहा जाता है कि वह सीरिया के रास्ते इराक़ पहुँची थी और बग़दाद में अमरीकी सैनिकों पर हमला किया था.