बुधवार, 30 नवंबर, 2005 को 19:04 GMT तक के समाचार
इसराइल के पूर्व प्रधानमंत्री शिमॉन पेरेज़ ने लेबर पार्टी छोड़ दी है और मार्च में होने वाले आम चुनाव में प्रधानमंत्री अरियल शेरॉन का समर्थन करने का फ़ैसला किया है.
नवंबर में लेबर पार्टी के नेतृत्व के लिए हुए चुनाव में आमिर पेरेज़ ने शिमॉन पेरेज़ को हरा दिया था.
82 वर्षीय पेरेज़ ने कहा, "मैं राजनीतिक रूप से सक्रिय नहीं रहूँगा और शांति स्थापित करने के काम पर ध्यान केंद्रित करूंगा."
उनका कहना था कि अरियल शेरॉन शांति प्रकिया को आगे बढ़ाना चाहते हैं और वे उनका समर्थन करते हैं.
एक पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा, "लेबर पार्टी में रहते हुए काम करने का मेरा समय अब पूरा हो गया है."
इसराइल के प्रधानमंत्री अरियल शेरॉन ने इस महीने लिकुड पार्टी छोड़कर कदिमा नाम से अपनी अलग पार्टी बना ली थी.
इसराइल में हुए कई सर्वेक्षणों के मुताबिक़ कदिमा पार्टी इसराइल में अगला चुनाव जीत सकती है.
अरियल शेरॉन ने पिछले दिनों लिकुद पार्टी छोड़ दी थी, उन्होंने गज़ा पट्टी ख़ाली करने की घोषणा के बाद पार्टी में हुई आलोचना को देखते हुए यह फ़ैसला किया.
उन्होंने कहा कि वे एक मध्यमार्गी पार्टी बनाकर चुनाव लड़ना चाहते हैं.