http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 30 नवंबर, 2005 को 01:09 GMT तक के समाचार

'इराक़ से कुछ सैनिक हटाएगा अमरीका'

अमरीका सरकार ने एक बार फिर आशा व्यक्त की है कि इराक़ से उसके सैनिक अगले वर्ष से लौटना शुरू कर सकते हैं.

अमरीकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस के एक प्रवक्ता ने पत्रकारों से कहा कि इराक़ में सुरक्षाबलों को प्रशिक्षण देने के काम में प्रगति हुई है और इससे अमरीका इराक़ में अपने सैनिकों की उपस्थिति को कम कर सकता है.

इराक़ में इस समय अमरीका के 1,60,000 सैनिक मौजूद हैं.

व्हाइट हाउस प्रवक्ता स्कॉट मैक्लेलन ने पत्रकारों से बात करते हुए आशा जताई कि अगले वर्ष तक इराक़ में ऐसी स्थित बन सकेगी जिससे कि सैनिकों की संख्या कम की जा सके.

उधर अमरीका के एरिज़ोना प्रदेश में राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने कहा कि इराक़ से अमरीकी सैनिकों की वापसी की कोई भी योजना इस बात पर निर्भर करेगी कि इराक़ी सैनिक चरमपंथ का सामना करने के लिए तैयार हैं कि नहीं.

संभावना

अमरीका के रक्षा मंत्री डोनाल्ड रम्सफ़ेल्ड ने कहा कि इराक़ी सैनिकों ने सुरक्षा की देख-रेख में महत्वपूर्ण दायित्व निभाना शुरू भी कर दिया है.

उन्होंने कहा,"इराक़ी सुरक्षाकर्मी अच्छा काम कर रहे हैं और वे दिन-ब-दिन, हफ़्ते-ब-हफ़्ते, महीने-ब-महीने बेहतर होते जा रहे हैं".

अमरीकी रक्षा विभाग ने ऐसे संकेत दिए हैं कि इराक़ में 15 दिसंबर को प्रस्तावित चुनाव के बाद वहाँ अमरीकी सैनिकों की संख्या में कटौती की जा सकती है.

बुश प्रशासन पर पिछले कुछ सप्ताह से संसद की ओर से इस बात के लिए दबाव पड़ रहा है कि वह ये बताए कि इराक़ के मोर्चे पर क्या प्रगति हुई है.

राष्ट्रपति बुश बुधवार को एक भाषण देनेवाले हैं और उनका कार्यालय ऐसा जता रहा है कि इसमें इराक़ नीति पर बुश सरकार की एक महत्वपूर्ण बयान आएगा.

ऐसा संभव है कि इससे इस तरह के मत को और बल मिलेगा कि राष्ट्रपति बुश इस बात पर कितनी गंभीरता से सोच रहे हैं कि कैसे इराक़ से वापसी की जाए.