बुधवार, 30 नवंबर, 2005 को 10:21 GMT तक के समाचार
इराक़ से मिली ख़बरों में कहा गया है कि बक़ूबा शहर के नज़दीक एक मिनी बस पर कुछ बंदूकधारियों ने हमला किया है जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई है.
उत्तरी शहर बक़ूबा पर हुए इस हमले में दो लोग घायल भी हुए हैं.
संवाददाताओं का कहना है कि देश में 15 दिसंबर को होने वाले संसदीय चुनावों के मद्देनज़र अधिकारियों को गुरिल्ला युद्ध की बढ़ती गतिविधियों का सामना करना पड़ रहा है.
उधर अमरीका सरकार ने एक आशा व्यक्त की है कि इराक़ से उसके सैनिक अगले वर्ष से लौटना शुरू कर सकते हैं.
अमरीकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस के एक प्रवक्ता ने पत्रकारों से कहा कि इराक़ में सुरक्षाबलों को प्रशिक्षण देने के काम में प्रगति हुई है और इससे अमरीका इराक़ में अपने सैनिकों की उपस्थिति को कम कर सकता है.
इराक़ में इस समय अमरीका के 1,60,000 सैनिक मौजूद हैं.
व्हाइट हाउस प्रवक्ता स्कॉट मैक्लेलन ने पत्रकारों से बात करते हुए आशा जताई कि अगले वर्ष तक इराक़ में ऐसी स्थित बन सकेगी जिससे कि सैनिकों की संख्या कम की जा सके.