रविवार, 27 नवंबर, 2005 को 04:41 GMT तक के समाचार
चेचन्या में आठ साल पहले रूसी सैनिकों के घुसने के बाद पहली बार नई संसद के लिए मतदान ख़त्म हो गया है. मतदान 57 प्रतिशत रहा.
आठ साल पहले वहाँ रूसी सैनिकों के घुसने के बाद पहला चुनाव है. आठ साल पहले रूसी सेना ने चेचन्या को फिर से रूस के नियंत्रण में लाने के लिए कार्रवाई की थी.
रूस सरकार का कहना है कि चेचन्या में चुनाव होने से साफ़ झलकता है कि इस रूसी गणराज्य में स्थिति तेज़ी से सामान्य हो रही है.
लेकिन बीबीसी संवाददाता का कहना है कि शांति के बहुत कम संकेत नज़र आते हैं.
चेचन्या में क़रीब एक दशक से संघर्ष चल रहा है जिसमें अनेक लोग मारे जा चुके हैं.
चुनाव से पहले भी चेचन विद्रोहियों ने हमले जारी रखे और मतदान को नाकाम करने की भी धमकियाँ दी हैं.
इन धमकियों को देखते हुए ही मतदान केंद्रों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और सुरक्षा इंतज़ामों में रूसी सैनिकों के साथ-साथ स्थानीय सुरक्षा बलों की मदद ली जा रही है.
मानवाधिकार संगटनों ने चुनाव को एक दिखावा बताते हुए कहा है कि भय के माहौल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव होना संभव नहीं है.
संगठनों ने आरोप लगाया है कि अधिकारी रूस समर्थक उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान में गड़बड़ी करने की कोशिश करेंगे.