http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 25 नवंबर, 2005 को 05:43 GMT तक के समाचार

ईरान बातचीत पर विचार के लिए तैयार

ईरान ने कहा है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम मुद्दे पर यूरोपीय संघ के साथ बातचीत फिर से शुरू करने पर विचार करने के लिए तैयार है.

पश्चिमी देश चिंता ज़ाहिर कर चुके हैं कि ईरान परमाणु हासिल करने की कोशिश कर रहा है.

हालाँकि यूरोपीय संघ परमाणु कार्यक्रम मुद्दे पर खुलेपन के अभाव के लिए ईरान की आलोचना करता है लेकिन वह इस मुद्दे पर ईरान को बातचीत मेज़ पर फिर से वापस लाने के लिए कोशिश भी कर रहा है.

ईरान ने संयुक्त राष्ट्र की परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए से कहा कि वह यूरोपीय संघ के उन देशों के जवाब का इंतज़ार कर रहा है जो बातचीत की अगुवाई कर रहे हैं.

अब रूस के एक ऐसे प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है जिसके तहत ईरान के परमाणु कार्यक्रम के तहत यूरेनियम संवर्धन का काम रूस में होकर वापस ईरान के यहाँ पहुँच जाए.

अमरीका और यूरोपीय संघ ने संदेह ज़ाहिर किया है कि ईरान एक गुप्त परमाणु कार्यक्रम चला रहा है लेकिन ईरान कहता है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है.

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी इस मामले की जाँच कर रही है.

ईरान ने अगस्त 2005 में यूरेनियम संवर्धन का काम फिर से शुरू कर दिया था जिसके बाद बातचीत टूट गई थी.

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी में ब्रिटेन के राजदूत पीटर जैन्किन्स ने कहा कि एजेंसी के सदस्यों की तरफ़ से अनुरोध मिलने के बाद कूटनीतिक प्रयास फिर से शुरू करने का फ़ैसला किया गया है.

उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ इस पेशकश पर विचार करना चाहता है कि यूरेनियम संवर्धन रूस में होकर इस्तेमाल के लिए ईरान को मिल जाए.

पीटर जैन्किन्स ने कहा कि ईरान को रूस की इस पेशकश पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.

एजेंसी में ईरानी राजदूत जावेद वैदी ने कहा, "हम अन्य देशों के साथ बातचीत के रास्ते पर चलने के लिए तैयार हैं, उनमें यूरोपीय संघ भी शामिल है."