http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 24 नवंबर, 2005 को 10:40 GMT तक के समाचार

इराक में कार बम धमाके, 35 की मौत

इराक़ की राजधानी बग़दाद के पास दो बम धमाके हुए हैं जिनमें कम-से-कम 35 लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं.

सबसे बड़ा धमाका इराक़ी शहर महमूदिया के केंद्र में एक अस्पताल के बाहर हुआ जिसमें कम-से-कम 30 लोग मारे गए. कम-से-कम बीस लोग घायल हुए हैं.

कुछ घंटों बाद बग़दाद के दक्षिण स्थित हिल्ला शहर में भी एक आत्मघाती कार बम धमाका हुआ जिसमें भी कुछ लोग मारे गए.

महमूदिया शहर बग़दाद से 20 किलोमीटर दूर दक्षिण में स्थित है.

अधिकारी ये मान रहे हैं कि हमलावर का निशाना एक अस्पताल के पास अमरीकी सैनिक वाहनों या इराक़ी वाहनो को निशाना बनाना था.

बग़दाद में हाल में हुए धमाके की तस्वीरें

विस्फोटकों से भरी एक कार अस्पताल के पास रखी गई थी और उसमें ही धमाका हुआ.

फ़िलहाल स्पष्ट नहीं है कि क्या कोई अमरीकी इस हमले में हताहत हुआ है या नहीं.

महमूदिया शहर के आसपास विद्रोही काफ़ी सक्रिय रहे हैं और उन्होंने कई हमले किए हैं.

उधर बग़दाद में अमरीकी सेना का कहना है कि बुधवार को हुई गोलीबारी में तीन अमरीकी सैनिक मारे गए हैं.

राजधानी बग़दाद में शनिवार को एक कार बम धमाका हुआ था जिसमें कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई थी और अनेक घायल हुए थे.

वह कार बम धमाका बग़दाद के दक्षिणी इलाक़े में एक व्यस्त बाज़ार में हुआ था.