मंगलवार, 22 नवंबर, 2005 को 09:33 GMT तक के समाचार
इराक़ के विदेश मंत्री होशियार ज़ेबारी का कहना है कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि क्या अल क़ायदा के इराक़ में नेता अबू मुसाब अल ज़रक़ावी शनिवार को मूसल में हुई लड़ाई में मारे गए थे.
होशियार ज़ेबारी का कहना है कि कई शवों के डीएनए टेस्ट किए जा रहे हैं. मूसल में हुई भीषण लड़ाई के बाद ये शव पाए गए थे.
वहाँ अमरीकी और इराक़ी सुरक्षाबलों ने विद्रोहियों के ख़िलाफ़ कई छापे मारे थे.
लेकिन इराक़ में अमरीकी राजदूत ज़लमै ख़लीलज़ाद का कहना है कि उन्हें नहीं लगता कि अबू मुसाब अल ज़रक़ावी मारे गए हैं.
कुछ ही दिन पहले ख़ुद को इराक़ी चरमपंथी नेता अबू मुसाब अल ज़रक़ावी कहने वाले एक व्यक्ति ने ऑडियो टेप में दावा किया था कि वे घायल तो हुए थे लेकिन उन्हें मामूली चोट आई है.
यह ऑडियो संदेश एक वेबसाइट पर लगाया गया था. टेप में इस व्यक्ति ने कहा था, "मेरे बारे में यह सूचना दी गई थी कि मैं बुरी तरह घायल हूँ लेकिन मैं आपको भरोसा दिलाना चाहता हूँ कि यह सिर्फ़ अफ़वाह है और व्यर्थ है."
लेकिन इसकी स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई थी.