रविवार, 20 नवंबर, 2005 को 10:12 GMT तक के समाचार
चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ ने अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश को आश्वासन दिया है कि उनका देश अमरीका को चीनी सामान निर्यात से बने अतिरिक्त भंडार को कम करने के लिए क़दम उठाने पर विचार करेगा.
बेजिंग में बुश के साथ बातचीत में जिंताओ ने यह भ कहा कि चीन अपनी मुद्रा - युआन का फिर से मूल्यांकन करेगा.
अमरीका का कहना है कि चीन की मुद्रा का फिर से मूल्यांकन करने से अमरीका में चीन के सस्ते निर्यात की रफ़्तार को कम करने में मदद मिलेगी.
दोनों देशों के नेताओं के बीच यह भी सहमति हुई कि अमरीकी सामान की ग़ैरक़ानूनी तरीक़े से नक़ल रोकने के लिए क़दम उठाए जाएंगे.
इससे पहले राष्ट्रपति बुश ने चीन से अपने यहाँ लोकतांत्रिक, सामाजिक और धार्मिक सुधार शुरू करने के लिए ठोस क़दम उठाने का अनुरोध किया था.
बेजिंग में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच यह सामान्य महत्व की मुलाक़ात थी और उनके बयानों को टेलीविज़न पर सीधे नहीं दिखाया गया.
पत्रकारों को भी इन नेताओं से सवाल पूछने की इजाज़त नहीं दी गई.
सुधार
अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने चीन से कहा कि वह अपने नागरिकों को व्यापक सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक स्वतंत्रता दे.
चीन दौरे पर गए राष्ट्रपति बुश ने दिन की शुरुआत बीजिंग में सरकारी मान्यता प्राप्त एक चर्च की प्रार्थना सभा में भाग लेकर की.
राष्ट्रपति बुश और उनकी पत्नी लॉरा बुश ने गंगवाशी प्रोटेस्टेंट चर्च में प्रार्थना की. इस चर्च पर चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का नियंत्रण है. वैसे चीन के सभी धार्मिक संगठनों पर कम्युनिस्ट पार्टी का ही नियंत्रण है.
ह्वाइट हाउस के एक प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति बुश चीन को ये दिखाना चाहते हैं कि एक स्वस्थ्य और परिपक्व समाज के लिए धार्मिक स्वतंत्रता अच्छी चीज़ है.
चर्च के अतिथि पुस्तिक में राष्ट्रपति बुश ने लिखा- ईश्वर चीन के ईसाइयों की आशीर्वाद दें.
इसी सप्ताह जापान में एक भाषण के दौरान राष्ट्रपति बुश ने चीन में और व्यापक राजनीतिक और धार्मिक स्वतंत्रता की अपील की थी.