रविवार, 20 नवंबर, 2005 को 16:20 GMT तक के समाचार
इराक़ के राष्ट्रपति जलाल तालबानी ने कहा है कि वे इराक़ में सक्रिय सरकार विरोधी तत्वों से बात करने के लिए तैयार हैं.
तालबानी मिस्र की राजधानी काहिरा में अरब लीग द्वारा आयोजित बैठक में पत्रकारों से बात कर रहे थे.
जलाल तालबानी ने कहा कि वे किसी भी इराक़ी से मिलने से इनकार नहीं करेंगे.
उन्होंने कहा, "सब इराक़ियों की ज़िम्मेदारी मुझ पर है और सबकी बात सुनना चाहता हूँ..अपराधियों की भी."
जलाल तालबानी का कहना था, "अगर वो लोग जो अपने आप को विद्रोही कहते हैं, मुझसे संपर्क करना चाहते हैं तो उनका स्वागत है."
पर साथ ही इराक़ी राष्ट्रपति ने कहा कि इसका मतलब ये नहीं है कि वे उनकी बातें स्वीकार कर लेंगे.
'विरोधियों से मुलाक़ात'
जलाल तालबानी का कहना था कि सद्दाम हुसैन के समर्थकों और धार्मिक कट्टरपंथियों के लिए इराक़ की राजनीतिक प्रकिया में कोई जगह नहीं है.
अब तक सरकार कहती रही है कि वे उन लोगों से बात करेंगे जो हथियार डालने के लिए तैयार हैं लेकिन उनसे नहीं जो इराक़ी लोगों को मार रहे हैं.
लेकिन बीबीसी संवाददाता का कहना है कि अपुष्ट ख़बरें आ रही हैं कि इराक़ के राष्ट्रपित काहिरा में कुछ विरोधी प्रतिनिधियों से मिले हैं.
संवाददाता के मुताबिक़ इराक़े के अंदर और पश्चिम से भी दबाव है कि समझौते के तहत इराक़ में हिंसा का दौर ख़त्म किया जाए.
इस बीच इराक़ में शनिवार को हुए बम धमाकों में 50 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.