http://www.bbcchindi.com

रविवार, 20 नवंबर, 2005 को 08:48 GMT तक के समाचार

शावेज़ ने किया बुश विरोधी प्रदर्शन

अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश और मैक्सिको के राष्ट्रपति विसेंटे फॉक्स की आर्थिक नीतियों के विरोध में वेनेज़ुएला में हज़ारों लोगों ने मार्च किया है.

वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज़ ने अमरीका महाद्वीप के देशों के बीच मुक्त व्यापार क्षेत्र बनाने के अमरीकी प्रस्तावों के विरोध में किए गए इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया.

शावेज़ ने पिछले सप्ताह विंसेंटे फ़ॉक्स पर आरोप लगाया था कि वह अमरीकी नीतियों के पीछे चलकर 'पिछलग्गू' की तरह काम कर रहे हैं

वेनेज़ुएला और मैक्सिको के बीच इस दरार की वजह से दोनों देशों ने एक दूसरे के यहाँ से अपने राजदूतों को हटा लिया है.

शावेज़ ने रविवार को अमरीका और मैक्सिको विरोधी प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए मुक्त व्यापार क्षेत्र बनाने के प्रस्तावों को आड़े हाथों लिया.

शावेज़ ने इस प्रदर्शन में मैक्सिको में लोकप्रिय टोपी पहन रखी थी और मैक्सिको का ही एक लोकगीत गा रहे थे. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा कि वह मुक्त व्यापार क्षेत्र पर मैक्सिको के साथ चल रही बहस को जारी नहीं रखना चाहते हैं.

लेकिन मैक्सिको के प्रति इस नरम रुख़ के बावजूद शावेज़ ने अमरीका क्षेत्र में मुक्त व्यापार क्षेत्र प्रस्तावों के ख़िलाफ़ जमकर बोले.

शावेज़ ने एकत्र भीड़ के सामने कहा, "मुक्त व्यापार क्षेत्र के प्रस्ताव जाए नरक में. यह देश स्वतंत्र है. हम एक बार फिर से उपनिवेशवाद का शिकार नहीं होंगे."