http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 19 नवंबर, 2005 को 18:59 GMT तक के समाचार

इराक़ियों की बैठक में तीखे मतभेद

इराक़ के विभिन्न समुदायों के बीच सुलह-सफ़ाई के लिए मिस्र की राजधानी काहिरा में चल रही बैठक में तीखे मतभेद उभर कर सामने आए हैं.

इस बैठक में इराक़ के कई धार्मिक और राजनीतिक नेता हिस्सा ले रहे हैं.

बैठक में इराक़ के कुर्द और शिया नेताओं ने बाथ पार्टी से संबधित लोगों को सम्मेलन से बाहर रखने की माँग उठाई.

इस माँग के बाद उन पर असहनशील होने का आरोप लगाया गया.

बैठक में एक प्रतिनिधि ने ये भी कहा कि इराक़ी नेता अमरीका की हाथ में ‘कठपुतली’ की तरह हैं.

इसके बाद कुर्द और शिया नेताओं ने कुछ देर के लिए बैठक से वॉकआउट कर किया. हालांकि बाद में प्रतिनिधि ने माफ़ी माँग ली.

अरब लीग

इराक़ में शियाओं की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के नेता अब्दुल अज़ीज़ अल हाकिम ने बैठक में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया.

तीन दिन की ये बैठक अरब लीग ने आयोजित की है और इसमें कई पड़ोसी देशों के विदेश मंत्री भी भाग ले रहे हैं.

बैठक का मकसद इराक़ के सिलसिले में अगले साल होने वाले बड़े सम्मेलन के लिए मुद्दे, उसकी तारीख़ और जगह तय करना है.

ये पहला मौका है जब अरब लीग इराक़ में शांति स्थापना की कोशिश में जुटी है.

इराक़ और अमरीका अरब लीग के अब तक के रवैये की आलोचना करते रहे हैं.