शनिवार, 19 नवंबर, 2005 को 17:36 GMT तक के समाचार
इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. ये झटके सुमात्रा द्वीप से 255 किलोमीटर दूर महसूस किए गए.
किसी के हताहत होने या किसी नुक़सान की ख़बर नहीं मिली है. भूकंप के बाद सूनामी की चेतावनी नहीं दी गई है.
अमरीकी भूवैज्ञानिक सर्वे के मुताबिक़ भूकंप की तीव्रता 6.5 थी और ये 30 किलोमीटर की गहराई तक महसूस किए गए.
अमरीकी पेसिफ़िक सूनामी चेतावनी केंद्र का कहना है कि इतनी तीव्रता वाले भूकंप से स्थानीय स्तर पर सूनामी आ सकती है.
इंडोनेशियाई अधिकारियों के मुताबिक़ भूकंप का केंद्र सिनाबंग से 63 किलोमीटर दूर समुद्र में था.
सुमात्रा की राजधानी मीदान के एक स्थानीय पत्रकार ने एएफ़पी को बताया कि झटके बेहद कम देर के लिए महसूस किए गए और कहीं अफ़रातफ़री नहीं मची.
पिछले साल दिसंबर में इसी इलाक़े में आई सूनामी के बाद 13 देशों में कम से कम दो लाख लोगों की मौत हुई थी. सबसे ज़्यादा नुक़सान इंडोनेशिया को झेलना पड़ा था.
इससे पहले इसी हफ़्ते इंडोनेशिया ने सूनामी चेतावनी प्रणाली का शुरूआती चरण चालू किया.