गुरुवार, 17 नवंबर, 2005 को 20:10 GMT तक के समाचार
अमरीका की डेमोक्रेटिक पार्टी के एक वरिष्ठ सदस्य जॉन मूरथा ने इराक़ से जल्द से जल्द सेना वापस बुलाने के लिए कहा है.
जॉन मूरथा ने इराक़ युद्ध के मुद्दे पर राष्ट्रपति बुश का समर्थन किया था और वे सैनिक खर्चे के लिए बनी प्रतिनिधि सभा की समिति के सदस्य भी हैं.
जॉन मूरथा का ये बयान अमरीकी उपराष्ट्रपति डिक चेनी के उस बयान के चंद घंटों के बाद आया है जिसमें उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों को 'मौक़ापरस्त' कहा था.
जॉन मूरथा ने कहा है,"अमरीका अब सैनिक स्तर पर इराक़ में कुछ हासिल नहीं कर सकता और उसकी नीति ग़लत है."
उनका कहना था कि इराक़ को इराक़ियों के हवाले कर देना चाहिए.
जॉन मूरथा वेतनाम युद्ध में लड़ चुके हैं.
बीबीसी के वाशिंगटन संवाददाता का कहना है कि जॉन मूरथा पहले ऐसे वरिष्ठ कांग्रेस सदस्य हैं जिन्होंने तुरंत सेना वापस बुलाने की माँग की है.
इस क़दम से इराक़ में जारी अभियान के लिए समर्थन जुटाने की राष्ट्रपति बुश की मुहिम को झटका लगा है.
अमरीकी उपराष्ट्रपति डिक चेनी ने कहा है कि कुछ लोग झूठा प्रचार कर रहे हैं.