http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 10 नवंबर, 2005 को 18:06 GMT तक के समाचार

ब्रिटेन ने जाँच में सहायता की पेशकश की

जॉर्डन में हमलावरों ने अम्मान के तीन सबसे लोकप्रिय होटलों को अपना निशाना बनाया. इन हमलों में कुल 56 लोग मारे गए हैं और 103 लोग घायल हैं.

मरने वालों में अधिकतर जॉर्डन के नागरिक हैं लेकिन कुछ अरब देशों के नागरिक भी इन हमलों में मारे गए हैं. इनमें चार फलस्तीनी भी शामिल हैं.

गुरूवार को ब्रिटेन के विदेश मंत्रि जैक स्ट्रॉ ने एक घटनास्थल का दौरा किया.

स्ट्रॉ ने कहा कि उन्होंने होटल की लॉबी में कांच के नुकीले टुकड़े देखे जो ज़्यादा से ज़्यादा नुकसान पहुंचाने के लिए बम के साथ रखे गए होंगे.

जैक स्ट्रॉ ने कहा, "हमारे पास फोरेंसिक टीमें हैं जो जांच में मदद कर सकते हैं. कई लोग खुफिया जानकारियों के मामलें में सहायता दे सकते हैं. हमारी सुरक्षा सेवाओं के बीच समन्वय बेहतरीन है."

उन्होंने कहा, "जार्डन की पुलिस अच्छा काम करती है. हमसे कोई आग्रह किया गया तो हम ज़रुर मदद करेंगे."

जॉर्डन में धमाकों की तस्वीरें

तबाही

जॉर्डन में इंटरनेशनल क्राइसिस ग्रुप के मध्य एशिया प्रोजेक्ट के निदेशक जुस्ट हिल्टरमैन कहते हैं, "ये हमले जॉर्डन के आम जनजीवन को तबाह करने के उद्देश्य से किए गए थे. जार्डन में लोग पर्यटन और इराक़ में हो रहे व्यापार पर निर्फर करते हैं. कई इराकी लोग, अधिकारी और व्यापारी यहां आते हैं."

उन्होंने कहा, "इराक़ के पुनर्निर्माण में लगे अमरीकी, ब्रितानी भी यहां आते हैं. इससे काफी नुकसान हो सकता है."

इंटरनेट पर जारी एक बयान में अबू मूसब अल ज़रक़ावी के नेतृत्व वाले संगठन ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी ली है लेकिन इसकी स्वतंत्र रुप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

हालांकि जार्डन के अधिकारी पहले ही ज़रक़ावी को इन हमलों के लिए दोषी ठहरा चुके हैं.

इराक़ में सक्रिय ज़रक़ावी जॉर्डन का नागरिक है और जार्डन सरकार पहले ही एक अमरीकी कूटनीतज्ञ की हत्या के आरोप में ज़रकावी को मौत की सज़ा सुना चुकी है.