गुरुवार, 10 नवंबर, 2005 को 01:08 GMT तक के समाचार
जॉर्डन में अधिकारियों ने कहा है कि राजधानी अम्मान में तीन अंतरराष्ट्रीय होटलों में हुए धमाकों में मरने वालों की संख्या 67 हो गई है और सैकड़ों घायल हुए हैं.
अम्मान के बीचों-बीच स्थित इन होटलों में रुकने वालों में अधिकतर लोग विदेशी होते हैं लेकिन धमाकों के शिकार ज़्यादातर लोगों में जॉर्डन के ही हैं.
धमाकों के समय ज़्यादातर लोग एक शादी समारोह में हिस्सा ले रहे थे.
जॉर्डन के अधिकारियों ने तीन में से दो धमाकों के लिए आत्मघाती हमलावरों को ज़िम्मेदार बताया है.
जो तीन होटल इन धमाकों के शिकार हुए हैं वे हैं - ग्रांड हयात, द रैडीसन और डेज़ इन.
जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला ने इन धमाकों को आतंकवादी हमले बताया और कहा कि अपराधियों को सबक सिखाया जाएगा.
एक धमाका ग्रैंड हयात होटल में हुआ और उसी के पास स्थित रैडिसन होटल भी प्रभावित हुआ. इसके बाद एक तीसरे होटल डेस इन में धमाका हुआ.
पुलिस सूत्रों का कहना है कि कम से कम एक धमाका बम से हुआ है.
ग्रैंड हयात होटल में रुकी हुए एक बीबीसी संवाददाता कैरोलिन हॉली का कहना था कि कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और कई एंबुलैंस एक साथ घटनास्थलों तक पहुँची हैं.
उनके अनुसार कई लोग बुरी तरह से घायल हैं और उनमें से एक ने तो उनके देखते-देखते ही दम तोड़ दिया.
अमरीका के साथ नज़दीकी रिश्तों के कारण जॉर्डन ऐसे हमलों का निशाना बनता रहा है.
बीबीसी के सुरक्षा मामलों के संवाददाता क कहना है कि ये हमले निश्चित रूप से किसी ऐसे गुट ने किए हैं जो अल क़ायदा से जुड़ा हुआ है और ऐसा लगता है.
कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने इन हमलों की निंदा की है.