http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 09 नवंबर, 2005 को 20:23 GMT तक के समाचार

जॉर्डन में कई धमाकों में 52 की मौत

जॉर्डन की राजधानी अम्मान में कम से कम तीन होटलों में धमाके हुए हैं. इन होटलों में रुकने वालों में अधिकतर लोग विदेशी होते हैं.

जॉर्डन की सरकार के अनुसार 52 लोग मारे गए हैं और सौ से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

पुलिस को संदेंह है कि ये धमाके आत्मघाती हमलावरों ने किए.

जॉर्डन में धमाकों की तस्वीरें

जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला ने इन धमाकों को आतंकवादी हमले बताया और कहा कि अपराधियों को सबक सिखाया जाएगा.

एक धमाका ग्रैंड हयात होटल में हुआ और उसी के पास स्थित रैडिसन होटल भी प्रभावित हुआ. इसके बाद एक तीसरे होटल डेस इन में धमाका हुआ.

पुलिस सूत्रों का कहना है कि कम से कम एक धमाका बम से हुआ है.

ग्रैंड हयात होटल में रुकी हुए एक बीबीसी संवाददाता कैरोलिन हॉली का कहना था कि कमरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और कई एंबुलैंस एक साथ घटनास्थलों तक पहुँची हैं.

उनके अनुसार कई लोग बुरी तरह से घायल हैं और उनमें से एक ने तो उनके देखते-देखते ही दम तोड़ दिया.

फ़िलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि ये धमाकों किसने किए हैं और इनका क्या कारण है.

अमरीकी के साथ नज़दीकी रिश्तों के कारण जॉर्डन ऐसे हमलों का निशाना बनता रहा है.