मंगलवार, 08 नवंबर, 2005 को 01:15 GMT तक के समाचार
अमरीकी सेना का कहना है कि इराक़ में क़ैदियों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में पाँच अमरीकी सैनिकों के ख़िलाफ़ मामले दर्ज किए गए हैं.
इन सैनिकों पर आरोप है कि उन्होंने तीन क़ैदियों को लातों और घूसों से मारा जब वे जेल जाने का इंतज़ार कर रहे थे. ये घटना सात सितंबर की है.
इन सैनिकों के नाम और रैंक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. अमरीकी सैनिक अधिकारियों का कहना है कि ये आरोप सामने आने के बाद तुरंत जाँच शुरू हो गई थी.
पिछले साल इराक़ की बहुचर्चित अबू ग़रेब जेल में क़ैदियों के साथ दुर्व्यवहार के मामले ने काफ़ी तूल पकड़ा था और इस मामले में नौ सैनिकों को दोषी भी ठहराया गया था.
अमरीकी सैनिक अधिकारियों ने बताया है कि इस नए मामले में शनिवार को 75वीं रेंजर रेजिमेंट के सैनिकों के ख़िलाफ़ मामले दर्ज किए गए हैं.
अमरीकी सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "दुर्व्यवहार के सभी आरोपों को काफ़ी गंभीरता से लिया गया है और इसकी गहराई से जाँच की गई है. जाँच के नतीजों के आधार पर ही उचित क़दम उठाया गया है."
पिछले सप्ताह जारी आँकड़ों के मुताबिक़ इराक़ में अमरीकी सैनिकों ने कई जेलों में 13,885 लोगों को क़ैद करके रखा है. इनमें से पाँच हज़ार से ज़्यादा अबू ग़रेब जेल में क़ैद हैं.
मानवाधिकार संगठनों की शिकायत है कि अमरीकी क़ैदियों को बिना मुक़दमे के महीनों तक क़ैद रखता है.