http://www.bbcchindi.com

बर्ड फ़्लू के बारे बुश की आपात योजना

राष्ट्रपति बुश ने अमरीका में बर्ड फ़्लू बीमारी का सामना करने के लिए एक आपात योजना की रूपरेख तैयार की है. इस बीमारी ने एशिया और यूरोप के कई देशों में पक्षियों को प्रभावित किया है.

राष्ट्रपति बुश का कहना है कि वे आपात योजना के लिए अमरीकी कांग्रेस से सात अरब डॉलर की माँग करेंगे.

इस योजना के तहत दो करोड़ लोगों के लिए वैक्सीन तैयार करने होंगे.

अमरीकी कांग्रेस ने काफ़ी देर पहले राष्ट्रपति बुश से अपील की थी कि वे इस ख़तरे से निपटने के लिए कार्रवाई करें.

बर्ड फ़्लू पर एक राष्ट्रीय रणनीति बनाकर राष्ट्रपति बुश को उम्मीद है कि उन्होंने जनता की चिंताओं पर कार्रवाई करने की कोशिश की है. लेकिन उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि अमरीका में एच-5 एन-1 वायरस का कोई प्रसार नहीं है और वह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को नहीं हो सकता.

राष्ट्रपति बुश का कहना था, "ज़रूरी है कि हम अभी से इसके ख़तरे पर विचार करें और इससे निपटने की तैयारी करें. अभी तक देश में यह महामारी नहीं है लेकिन अगर हम इसके फैलने की प्रतीक्षा करेंगे तो तैयारी के लिए बहुत देर हो जाएगी."

राष्ट्रपति बुश ने कहा कि उनकी प्राथमिकता दवाओं और टीके को विकसित करना और उन्हें जमा करना होगी.