शनिवार, 29 अक्तूबर, 2005 को 21:28 GMT तक के समाचार
इराक़ में पुलिस ने कहा है कि बग़दाद के उत्तर में बसे एक शिया गाँव में हुए कार बम हमले में कम से कम 25 लोग मारे गए हैं.
ये हमला बग़दाद से लगभग 60 किलोमीटर दूर एक व्यस्त बाज़ार के पास हुआ.
अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक़ धमाके में 30 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
हमले के वक़्त लोग रोज़ा तोड़ने की तैयारी कर रहे थे.
अमरीकी सैन्य अधिकारियों ने बताया कि बग़दाद में हुए एक अन्य बम धमाके में दो सैनिक मारे गए. शुक्रवार को भी पाँच सैनिक मारे गए थे.
इराक़ में अब तक 2 हज़ार से ज़्यादा अमरीकी सैनिक मारे जा चुके हैं.
अपने साप्ताहिक रेडियो भाषण में अमरीका के राष्ट्रपति बुश ने सैनिकों को श्रद्धांजलि दी.
उन्होंने कहा, "सैनिकों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि आतंकवाद के ख़िलाफ़ के लड़ाई को जीता जाए."
इस हफ़्ते इराक़ मुद्दे पर ये उनका तीसरा भाषण था.
उन्होंने भाषण में इराक़ में होने वाले चुनाव और वहाँ संविधान को मिली मंज़ूरी पर भी चर्चा की.
इराक़ में इस साल 15 दिसंबर तक संसदीय चुनाव होने हैं.