http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 28 अक्तूबर, 2005 को 22:18 GMT तक के समाचार

इसराइल विरोधी बयान की निंदा

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद के इसराइल विरोधी बयान की निंदा की है. ईरान के राष्ट्रपति ने कहा था कि इसराइल को दुनिया के नक्शे से मिटा देना चाहिए.

संयुक्त राष्ट्र के वक्तव्य में कहा गया है," सुरक्षा परिषद ईरान के राष्ट्रपति
द्वारा इसराइल के ख़िलाफ़ दिए गए बयान की निंदा करती है."

इसराइल ने संयुक्त राष्ट्र की बैठक बुलाने की माँग की थी. उसने सुरक्षा परिषद की बात का स्वागत किया है.

इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान और कई अन्य देश भी इस बयान की निंदा कर चुके हैं.

उधर ईरान के राष्ट्रपति अहमदीनेजाद अपने बयान पर कायम हैं. उन्होंने कहा कि उनका बयान न्यायपूर्ण है और इसका विरोध बेमाने है.

तेहरान में इसराइल विरोधी रैली भी निकाली गई. हज़ारों लोगों ने इस रैली में हिस्ला लिया.

फ़लस्तीनी लोगों के समर्थन में ये रैली हर साल निकाली जाती है.