http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 27 अक्तूबर, 2005 को 20:04 GMT तक के समाचार

सैनिक हमले में सात फ़लस्तीनी मारे गए

इसराइली लड़ाकू विमानों ने उत्तरी ग़ज़ा में फ़लस्तीनी चरमपंथियों को निशाना बनाते हुए मिसाइलें दागी हैं जिनमें सात लोग मारे गए हैं.

सूचना मिली है कि इस हमले में मारे गए लोगों में चरमपंथी संगठन इस्लामिक जेहाद के एक वरिष्ठ कमांडर शामिल हैं.

ग़ज़ा में इसराइली कार्रवाई से पहले सेना ने पश्चिमी तट के जनीन नगर में छापे मारे और इस्लामिक जेहाद के एक स्थानीय नेता और कुछ अन्य फ़लस्तीनियों को गिरफ़्तार कर लिया.

उत्तरी ग़ज़ा में इस्लामिक जेहाद के कमांडर शादी मोहाना कार से यात्रा कर रहे थे जब उन पर मिसाइल से हमला हुआ जिसमें वे मारे गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका बहुत शक्तिशाली था और कार के कई टुकड़े आसपास चल रहे फ़लस्तीनी नागरिकों को घायल कर गए.

इस्लामिक जेहाद ने पुष्टि की कि उनके कमांडर शादी मोहाना और सहयोगी मोहम्मद ग़ज़ैनेह मारे गए.

बुधवार को इसराइल के हदेरा नगर में हुए आत्मघाती हमले के बाद इसराइली प्रधानमंत्री अरियल शेरॉन ने चेतावनी दी थी कि चरमपंथियों को निशाना बनाया जाएगा.

उधर इस्लामिक जेहाद ने कहा था कि उसने आत्मघाती हमला इसराइली हमलों में मारे गए उनके एक नेता की मौत का बदला लेने के लिए किया.