गुरुवार, 27 अक्तूबर, 2005 को 15:23 GMT तक के समाचार
इराक़ के आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय का कहना है कि बग़दाद के पास एक ओर सुन्नी विद्रोहियों और दूसरी ओर इराक़ी पुलिस के समर्थन से लड़ रहे शिया लड़ाकों के बीच हुई झड़पों में 19 लोग मारे गए हैं.
मंत्रालय के अनुसार दोनो ओर से गोलीबारी तब छिड़ी जब मैहदी सेना ने पुलिस के समर्थन से अपने एक ऐसे लड़ाके को छुड़ाने की कोशिश की जिसका अपहरण कर लिया गया था.
ख़बर ये है कि मारे जाने वालों में से 17 शिया लड़ाके हैं और दो पुलिसकर्मी हैं.
फ़िलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि सुन्नी विद्रोहियों में से कोई हताहत हुआ है या नहीं.
ये झड़पें बग़दाद से 15 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में स्थित नहरावान नगर में हुईं.
मैहदी सेना उन शिया लड़ाकों का दल है जो शिया मौलवी मुक़तदा अल सद्र का समर्थन करते हैं.
मुक़तदा अल सद्र के एक क़रीबी सहयोगी आमेर अल हुसैनी का कहना था कि मैहदी सेना ने अपने साथी को तो रिहा करवा ही लिया लेकिन दो विद्रोहियों को बंदी बना लिया.
इसके बाद उन पर घात लगाकर हमला हुआ.
बताया गया है कि जहाँ ये घटना हुई वहाँ दोनो ही शिया-सुन्नी समुदाय के लोग बसे हुए हैं और दोनो समुदायों के बीच तनाव भी था.