http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 27 अक्तूबर, 2005 को 09:06 GMT तक के समाचार

यूरोप की आर्थिक चुनौतियों पर विचार

यूरोपीय संघ के नेता ब्रिटेन में आज एक बैठक कर रहे हैं जिसमें इस मुद्दे पर विचार किया जाएगा कि वैश्वीकरण से जो आर्थिक चुनौतियाँ सामने आई हैं उनका सामना कैसे किया जाए.

यह बैठक गुरूवार को लंदन के निकट हैम्पटन कोर्ट में हो रही है जिसकी मेज़बानी ब्रितानी प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर कर रहे हैं. ग़ौरतलब है कि 2005 के लिए यूरोपीय संघ की अध्यक्षता ब्रिटेन के पास है.

विश्व व्यापार में पढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच यूरोपीय संघ के घटते हिस्से से उपजी चिंताओं पर भी इस बैठक में विचार किया जाएगा.

ग़ौरतलब है कि यूरोपीय संघ को व्यापार प्रतिस्पर्धा में ख़ासतौर से भारत और चीन से कड़ी टक्कर मिल रही है.

ब्रिटेन और यूरोपीय संघ की कार्यकारी संस्था यूरोपीय कमीशन ने सुझाव दिया है कि एक लचीला श्रम बाज़ार अपनाया जाए.

ब्रिटेन ने एक ऐसा कोष भी बनाने का सुझाव दिया है जिससे उन लोगों की मदद की जा सके जिनकी नौकरियाँ चली जाती हैं.

यूरोपीय कमीशन के अध्यक्ष होज़े मनुएल बरोसो ने बीबीसी के साथ एक इंटरव्यू में कहा कि यूरोपीय संघ को एक ऐसा मुक्त श्रम बाज़ार बनाने का रास्ता निकालना होगा जहाँ सामाजिक कल्याण की भी व्यवस्था हो.

उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के लिए यह ज़रूरी है कि वह अपने नागरिकों की माँगों के अनुरूप उठाए जाने वाले क़दमों पर कोई समझौता करें, न कि सिर्फ़ यूरोपीय संस्थानों के बारे में बातचीत ही करते रहें.

बीबीसी के यूरोपीय मामलों के संवाददाता का कहना है कि इस बैठक में कृषि सब्सिडी और पूरे यूरोपीय संघ में व्यापार और सेवाओं के उदारीकरण के अहम मुद्दों पर कोई बहस होने की संभावना नहीं है.