http://www.bbcchindi.com

उत्तरी इसराइल में आत्मघाती बम हमला

उत्तरी इसराइल में हदेरा नगर में एक बाज़ार में हुए आत्मघाती बम हमले में पाँच लोग मारे गए हैं और कम से कम बीस घायल हो गए हैं.

ये बम हमला इसराइल में लगभग दो महीने के बाद हुआ है.

फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने हदेरा में हुई घटना की निंदा की है.

उधर इसराइली सरकार के प्रवक्ता डेविड बेकर ने कहा है कि फ़लस्तीनी प्रशासन को हमेशा के लिए 'आतंकवाद के तंत्र' को तहस-नहस करना चाहिए.

समाचार एजेंसियों को आए फ़ोन कॉल्स में चरमपंथी संगठन इस्लामिक जेहाद ने इस घटना की ज़िम्मेदारी ली है. लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.

इस्लामिक जेहाद ने इस हफ़्ते पश्चिमी तट में उसके एक नेता के इसराइली सेना के हमले में मारे जाने के बाद इसका बदला लेने की घोषणा की थी.

पुलिस के अनुसार आत्मघाती हमलावर बाज़ार में पहुँचा और खाने-पीने की एक दुकान के पास पहुँच कर उसने विस्फोट कर दिया.

धमाका इतना शक्तिशाली था कि मृतकों के शरीर के भाग दूर-दूर तक पड़े नज़र आए और आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए.

इससे पहले 28 अगस्त को इसराइल के दक्षिण में स्थित शहर बीरशेबा में एक भीड़भाड़ वाले बस अड्डे पर आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें कम से कम दस लोग घायल हो गए थे.