http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 25 अक्तूबर, 2005 को 20:14 GMT तक के समाचार

जाँच में और सहयोग की अपील

लेबनान के पूर्व प्रधानमंत्री रफ़ीक हरीरी की हत्या की जाँच कर रही संयुक्त राष्ट्र की टीम ने सीरिया से अपील की है कि वह उनकी जाँच में और मदद करे क्योंकि जाँच अभी भी जारी है.

संयुक्त राष्ट्र जाँच टीम के प्रमुख देल्तेव मेहलिस ने सुरक्षा परिषद के सदस्यों को बताया कि उन्होंने अपनी जाँच रिपोर्ट पूरा करने के लिए और समय चाहिए.

उन्होंने कहा कि वे कई प्रत्यक्षदर्शियों से फिर से पूछताछ करना चाहते हैं और कुछ नए लोगों से भी उन्हें पूछताछ करनी है.

लेकिन संयुक्त राष्ट्र में सीरिया के राजदूत का कहना है कि सीरिया ने इस जाँच में संयुक्त राष्ट्र की टीम को पूरा सहयोग दिया है और आगे भी देना जारी रखेगा.

संयुक्त राष्ट्र की इस जाँच टीम ने रफ़ीक हरीरी की हत्या के लिए सीरिया के शीर्ष ख़ुफ़िया अधिकारी को दोषी ठहराया है.

फ़्रांस और अमरीका का कहना है कि वे इस बारे में एक प्रस्ताव सुरक्षा परिषद में पेश करेंगे जिसमें यह मांग की जाएगी कि सीरिया इस जाँच में मदद करे.

देल्तेव मेहलिस ने सुरक्षा परिषद को बताया कि लेबनान के पूर्व प्रधानमंत्री रफ़ीक हरीरी की हत्या देश के इतिहास की बहुत बड़ी घटना थी.

चार महीने तक चली जाँच में ये कहा गया कि रफ़ीक हरीरी की हत्या में सीरिया की भूमिका का स्तर देखते हुए हरीरी की हत्या कराने का फ़ैसला सीरिया के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों की सहमति के बिना नहीं हो सकता.

देल्तेव मेहलिस ने बताया कि कैसे सीरिया ने प्रत्यदर्शियों और संदिग्ध लोगों से सीरिया के बाहर जाकर पूछताछ करने का उनका अनुरोध नहीं माना और इस बात पर ज़ोर दिया की पूछताछ के दौरान उनके अधिकारी वहाँ मौजूद रहेंगे.

जाँच आयोग का कहना है कि सीरिया की ओर से सहयोग न मिल पाने के कारण जाँच में रुकावट आई. मेहलिस ने कहा कि आयोग की जाँच को बढ़ाने के फ़ैसले से नए और पुराने लोगों से पूछताछ हो पाएगी.