http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 25 अक्तूबर, 2005 को 09:34 GMT तक के समाचार

इराक़ बम धमाकों में नौ की मौत

इराक़ के उत्तर में कुर्द शहर सुलेमानिया में कई बम धमाके होने की ख़बर है जिनमें कम से कम नौ लोग मारे गए हैं.

ख़बरों के अनुसार पहला बम धमाका सुरक्षा मंत्रालय की इमारत में हुआ.

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदा एक वाहन इमारत से टकरा दिया जिससे भारी नुक़सान हुआ.

मारे गए लोगों में कुर्द लड़ाके बताए गए हैं और बड़ी संख्या में घायल भी हुए हैं.

उससे पहले सुलेमानिया शहर के पश्चिम में एक सड़क पर दो बम धमाके हुए, उस समय वहाँ से एक वरिष्ठ कुर्द नेता मुल्ला बख़्तियार का काफ़िला गुज़र रहा था.

कुर्द पार्टी पीयूके के सूत्रों ने कहा है कि मुल्ला बख़्तियार जीवित बच गए हैं.

सुलेमानिया शहर की मुख्य सड़क के किनारे एक होटल के बाहर भी एक बम पाया गया जो फटा नहीं था. विशेषज्ञों ने उस बम को नाकाम कर दिया.

सुलेमानिया शहर कुर्दों के नियंत्रण में है और इराक़ के अन्य हिस्सों के मुक़ाबले कुछ सुरक्षित रहा है.

ग़ौरतलब है कि सोमवार को राजधानी बग़दाद में शहर को बीचोबीच तीन बम धमाके हुए थे जिनमें कम से कम 20 लोग मारे गए थे.