http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 07 अक्तूबर, 2005 को 22:47 GMT तक के समाचार

मध्य अमरीका में सैकड़ों लापता

मध्य अमरीका के कई देशों और मेक्सिको में स्टैन नामक समुद्री तूफ़ान से आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद सैकड़ों लापता लोगों की तलाश हो रही है.

इन देशों में इस तूफ़ान के कारण अब तक 254 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है लेकिन अधिकारियों का मानना है कि ये संख्या और बढ़ सकती है.

प्रभावित देश हैं मेक्सिको, ग्वाटेमाला, एल सालवेडोर, निकरागुआ, कॉस्टा रिका और हॉंडुरास.

भीषण वर्षा, टूटी हुई सड़कें जिन पर यातायात संभव नहीं और टूटे हुए पुल राहत कार्यों में विघ्न डाल रहे हैं.

ग्वाटेमाला में भीषण तबाही

ग्वाटेमाला में सेंटिएगो एटिटलान शहर में सबसे बड़ा राहत अभियान चल रहा है. वहाँ मिट्टी में दबे हुए और नदी के पानी में से साठ शव निकाले जा चुके हैं.

ग्वाटेमाला ने अमरीका से हेलिकॉप्टर माँगे हैं ताकि दूर-दराज़ के इलाक़ों में पहुँचा जा सके.

कई देशों में सरकारें उन हज़ारों लोगों की मदद करने की कोशिश कर रही हैं जो शरणार्थी शिविरों में फँसे हुए हैं.

कई गाँव पूरी तरह तबाह हो गए हैं. अनेक लोग अब भी अपने घरों में फँसे हुए हैं. दो लाख लोग अपने घर छोड़कर भागने को मजबूर हो गए हैं.

मदद की पेशकश

तबाही के बारे में पूरी जानकारी सार्वजनिक होने के बाद अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की ओर से मदद के आश्वासन मिलने लगे हैं.

स्पेन, जापान और कई लातीनी अमरीकी देशों ने मदद करने की पेशकश की है.

संयुक्त राष्ट्र का कहना है वह पूरे नुकसान का जायज़ा ले रहा है ताकि एक व्यापक अंतर्राष्ट्रीय राहत अभियान चलाया जा सके.

संयुक्त राष्ट्र के त्रासदी का आकलन करने वाले दल उस क्षेत्र में मौजूद हैं और उसने पहले ही एल सालवेडोर और कॉस्टा रिका को मदद देने की घोषणा कर दी है.

यूरोपीय संघ, अमरीका और वैनेज़ुएला ने भी मदद की पेशकश की है.