http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 30 सितंबर, 2005 को 07:51 GMT तक के समाचार

इराक़ी शहर हिला में धमाका, 10 मरे

इराक़ के हिला शहर में शुक्रवार को एक कार बम धमाका हुआ है जिसमें कम-से-कम 10 लोग मारे गए हैं.

पुलिस का कहना है कि इस धमाके में 30 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं.

इराक़ की राजधानी बग़दाद से दक्षिण में स्थित हिला एक शिया बहुल शहर है और वहाँ पहले भी चरमपंथी हमले हो चुके हैं.

बताया गया है कि विस्फोट सुबह पौने नौ बजे हुआ और तब वहाँ बहुत भीड़ थी.

हिला में हुए धमाके के एक दिन पहले ही बग़दाद के उत्तर में बलाद नामक शहर में तीन कार बम धमाके हुए थे.

इन धमाकों में मरनेवालों की संख्या कम-से-कम 95 बताई जा रही है. घायलों की संख्या 100 से अधिक बताई जा रही है.

हिला की तरह बलाद भी एक शिया बहुल शहर है.

हिला शहर में पिछले साल भी दो बड़े धमाके हुए थे.

पिछले वर्ष जुलाई में शहर के मध्य में एक तेल टैंकर में धमाका हुआ था जिसमें लगभग 100 लोग मारे गए थे.

इससे पहले साल के आरंभ में शहर में एक आत्मघाती हमले में 120 से अधिक लोग मारे गए थे.