बुधवार, 28 सितंबर, 2005 को 02:21 GMT तक के समाचार
इराक़ में अबू ग़रेब जेल में क़ैदियों से दुर्व्यवहार करने के मामले में अमरीकी सैनिक लिंडी इंग्लैंड को तीन साल क़ैद की सजा सुनाई गई है.
उसे सेना की नौकरी से भी निकाल दिया गया है.
लिंडी इंग्लैंड को लगाए गए सात आरोपों में से छह में दोषी पाया गया है.
अबू ग़रेब जले के क़ैदियों से दुर्व्यवहार के मामले में आठ सैनिकों पर पहले ही मामले चलाए जा चुके हैं. इनमें लिंडी का प्रेमी सैनिक भी शामिल है.
लिंडी इंग्लैंड ने कहा था कि वह अपने प्रेमी की ख़ुशी के लिए क़ैदियों से दुर्व्यवहार कर रही थी.
पाँच सैनिक अधिकारियों की ज्यूरी ने दो घंटे के विचार-विमर्श के बाद सजा सुनाई.
आरोप
इससे पहले सोमवार को टेक्सस में दोषी ठहराए जाते समय लिंडी सैनिक अदालत में चुप खड़ी थी. उसका चेहरा भावशून्य दिख रहा था.
![]() | |
| लिंडी को दुर्व्यवहार वाली तस्वीरों में प्रमुखता से दिखाया गया है |
उसे जिन आरोपों में दोषी पाया गया उनमें चार क़ैदियों से दुर्व्यवहार के आरोप हैं.
इनके अलावा एक आरोप क़ैदियों को नंगा करने के षड़यंत्र में शामिल होने का है, जबकि एक अन्य नंगा किए गए क़ैदियों के साथ तस्वीर खिंचाने का है.
सेना के एक वकील ने अदालत में कहा कि लिंडी क़ैदियों से दुर्व्यवहार कर मज़ा पाती थी.
अबू ग़रेब की जिन तस्वीरों के प्रकाशन से दुनिया भर में सनसनी मच गई थी उनमें से एक में लिंडी को नंगा किए गए एक क़ैदी को पट्टे में बाँध कर पकड़े हुए दिखाया गया है.
एक अन्य तस्वीर में वह नंगे किए गए इराक़ी क़ैदियों के गुप्तांग की ओर इशारा कर रही है.