मंगलवार, 27 सितंबर, 2005 को 07:39 GMT तक के समाचार
इराक़ पुलिस का कहना है कि राजधानी बग़दाद के उत्तरी शहर बक़ूबा में एक पुलिस भर्ती केंद्र पर बम हमला हुआ है जिसमें कम से कम दस लोगों की मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार इस बम हमले में 26 अन्य लोग घायल भी हो गए. जिस समय यह बम हमला हुआ उस समय वहाँ सैकड़ों युवक पुलिस में भर्ती के लिए एकत्र थे.
पिछले तीन दिनों में इराक़ी पुलिस पर यह तीसरा हमला है.
इस बीच इराक़ में राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रमुख मोवफ़्फ़क अल हुबाई ने बीबीसी से कहा है कि इराक़ी और अमरीकी सेनाओं के हाथों अल क़ायदा के एक वरिष्ठ अबू आज़म सदस्य की मौत हो गई है.
अमरीकी अधिकारियों ने अबू आज़म की मौत की पुष्टि करते कहा कि वह इराक़ में अल क़ायदा में दूसरे नंबर पर थे.
बक़ूबा में यह बम धमाका स्थानीय समय के अनुसार सुबह क़रीब दस बजे एक पुलिस भर्ती केंद्र पर हुआ जब वहाँ भर्ती के लिए भारी भीड़ जमा थी.
बम का निशाना बनने वालों में पुलिसकर्मी, भर्ती के लिए आए युवक और आसपास से गुज़रने वाले लोग सभी शामिल हैं.
पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
सोमवार को भी बग़दाद में पुलिस अकादमी पर हमला हुआ था जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी जिनमें दो पुलिसकर्मी और और पाँच वे लोग थे जो भर्ती के लिए आए थे.