http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 05 सितंबर, 2005 को 01:56 GMT तक के समाचार

रूस के नौसेना अध्यक्ष बर्ख़ास्त

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूसी नौसेना के अध्यक्ष एडमिरल व्लादिमीर कुरोयेदोव को उनके पद से हटा दिया है.

राष्ट्रपति ने व्लादिमीर मसोरिन को नौसेना का अध्यक्ष बनाया है.

माना जा रहा है कि एडमिरल कुरोयेदोव को हाल में एक रूसी नौसैनिक पनडुब्बी के समुद्र तल में फँस जाने और विदेशी मदद से इसमें फँसे सात नौसैनिकों को बचाने की घटना के कारण इस पद से हटाया गया है.

राष्ट्रपति पुतिन ने एडमिरल कुरोयेदोव को हटाने के लिए कोई औपचारिक कारण नहीं दिया है.

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि एडमिरल व्लादिमीर कुरोयेदोव के कार्यकाल में नौसेना के तरक्की करने के आसार तो नज़र आए लेकिन कई हादसे भी हुए.

महत्वपूर्ण है कि एडमिरल व्लादिमीर कुरोयेदोव के कार्यकाल में ही वर्ष 2000 में एक और पनडुब्बी कुर्स्क में विस्फोट हुआ था.

उस पनडुब्बी में सवार 118 नौसैनिक डूब गए थे.