सोमवार, 15 अगस्त, 2005 को 15:45 GMT तक के समाचार
साइप्रस के एक विमान की रविवार को ग्रीस में हुई दुर्घटना के बारे में अधिकारियों का कहना है कि ऐसा लगता है कि उसके यात्रियों की मौत दुर्घटना होने से पहले ही हो गई होगी.
ग़ौरतलब है कि एथेंस के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए इस विमान के सभी 121 यात्रियों की मौत हो गई थी.
विमान की दुर्घटना के कारणों की जाँच की जा रही है. अपुष्ट सूत्रों का कहना है कि शव बिल्कुल जमे हुए पाए गए थे. समझा जा रहा है कि विमान के अंदर हवा का दबाव कम होने की वजह से तापमान बहुत कम हो गया होगा जिसकी वजह से यात्रियों को ठंड लग गई होगी.
ग्रीस के रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि कुछ शव ठंड से बिल्कुल जमकर सख़्त हो गए थे. यह अधिकारी दुर्घटना की जाँच के काम में शामिल है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार इस अधिकारी ने कहा, "अभी तक किए गए पोस्टमॉर्टम से यह बात सामने आई है कि शव ठंड से सख़्त हो गए थे और कुछ की त्वचा आग की लपटों से झुलसी हुई थी."
ग्रीस के आंतरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री प्रोकोपिस पावलोपोलस ने कहा कि ऐसा लगता है कि विमान पर सवार लोगों ने दुर्घटना से पहले ही दम तोड़ दिया था लेकिन उन्होंने और ज़्यादा विवरण नहीं दिया.
मुख्य जाँचकर्ता अकरिवोस त्सोलाकिस ने कहा कि उड़ान का ब्यौरा रखने वाले दोनों फ्लाइट रिकॉर्डर दुर्घटनास्थल से बरामद कर लिए गए हैं लेकिन एक ब्लैक बॉक्स की हालत बहुत ख़राब है.
जाँच जारी
रविवार को इस विमान से संपर्क टूटने के बाद दो एफ़-16 विमान भेजे गए थे. ग्रीस के अधिकारियों ने बताया कि एफ-16 विमानचालकों का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान के चालक अपनी सीट पर लुढ़के हुए देखे गए.
ग्रीस की सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा है कि ये मानने की कोई वजह नहीं है कि ये चरमपंथी हमला था.
उधर यात्रियों के चिंतित रिश्तेदार लार्नाका हवाई अड्डे पर एकत्र हो गए. उनका कहना था कि छह घंटों के इंतज़ार के बाद यात्रियों के नाम की सूचि और उनके परिजनों के नाम मिलाने के लिए उन्हें अंदर आने दिया गया.
परिजनों की मौत की ख़बर मिलने के बाद कई लोग बेहोश हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा.
एक अधिकारी ने बताया कि ज़्यादातर यात्री साइप्रस के थे जिसमें करीब 48 बच्चे थे. इसके अलावा ग्रीस के भी कई लोग थे.
विमान में सवार एक यात्री ने अपने भाई को भेजे एक मोबाइल टेक्स्ट संदेश में कहा था, "मैं आपसे विदा लेता हूँ. हम सब ठंड से जम रहे हैं".
एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि उसने आस पास कई मृत शरीर देखे और सबने ऑक्सीजन मास्क लगा रखे थे.
पिछले कई दशकों में ये साइप्रस की सबसे भंयकर विमान दुर्घटना है.
सरकार ने तीन दिन के शोक की घोषणा की है.