http://www.bbcchindi.com

रविवार, 14 अगस्त, 2005 को 09:47 GMT तक के समाचार

ग्रीस में विमान दुर्घटनाग्रस्त, 121 के मारे जाने की आशंका

साइप्रस का एक विमान कैबिन में तापमान गिर जाने की वजह से ग्रीस के एथेंस हवाई अड्डे के क़रीब आते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. विमान में 121 यात्री सवार थे.

विमान से भेजे गए एक टेक्सट मैसेज में कहा गया था कि विमानचालक बेहोश हैं और यात्री ठंड से जमे जा रहे हैं.

ग्रीस में हुई विमान दुर्घटना की तस्वीरें

सुबह हवाई अड्डे पर उतरने को तैयार इस विमान से हवाई अड्डे का संपर्क टूट गया था और उसके बाद वायुसेना के दो विमानों को इसकी सहायता के लिए भेजा गया.
मदद के लिए भेजे गए एफ-16 विमानचालकों का कहना है कि इसके विमानचालकों में से एक अपनी सीट पर लुढ़का देखा गया जबकि दूसरा नज़र नहीं आ रहा था.

उसके बाद यह विमान एक पहाड़ से जा टकराया.

आशंका व्यक्त की जा रही है कि विमान का कोई भी यात्री अब जीवित नहीं है.

विमान में सवार एक यात्री ने अपने भाई को यह संदेश भेजा था, "मैं आपसे विदा लेता हूँ. हम सब ठंड से जम रहे हैं".

पहले आशंका व्यक्त की जा रही थी कि विमान का अपहरण हो गया है लेकिन ग्रीस के विदेश मंत्रालय ने इनका खंडन कर दिया था.

एथेंस हवाई अड्डे पर एक हवाई यातायात नियंत्रक ने एएफ़पी समाचार एजेंसी को बताया कि साइप्रस के लर्नाका शहर से रवाना हुआ यह विमान यूबिया प्रायद्वीप में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है.

हेलियोस एयरलाइन्स की 1999 में साइप्रस की पहली स्वतंत्र विमानसेवा के रूप में स्थापन हुई थी.

इसके 737 जेट विमान साइप्रस से लंदन, एथेंस, सोफ़िया, डबलिन और स्ट्रैस्बर्ग जाते हैं.