सोमवार, 08 अगस्त, 2005 को 21:10 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन और पाकिस्तान जल्द ही प्रत्यर्पण संधि पर हस्ताक्षर कर सकते हैं और इस मामले में कार्रवाई आंतिम चरण में है.
इस संधि के तहत दोनो देश उन लोगों का प्रत्यर्पण कर पाएँगे जिन्हें दूसरे देश की अदालत में पेश करने की ज़रूरत है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नईम ख़ान का कहना था कि पाकिस्तान की पहल पर प्रत्यर्पण संधि के विषय पर बातचीत शुरु हुई.
महत्वपूर्ण है कि इस संधि पर तब हस्ताक्षर हो रहे हैं जब लंदन में सात जुलाई में बम धमाकों के संदिग्ध हमलावरों के पाकिस्तानी मूल के होने और वहाँ मदरसों में जाने की ख़बरें आई हैं.
इस समय दोनो देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि तो नहीं है लेकिन सरकारी व्यवस्था के मुताबिक लोगों का प्रत्यर्पण हो सकता है.
इस्लामाबाद में ब्रितानी उच्चायोग के एक अधिकारी ने रॉएटर्स को बताया है कि संधि के मसौदे पर सहमति हो गई है लेकिन उसे लागू करने में कुछ महीने भी लग सकते हैं.
उधर लंदन में पुलिस ने 21 जुलाई के नाकाम बम हमलों के सिलसिले में आठ लोगों के ख़िलाफ़ आरोप दायर कर दिए हैं.