http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 03 अगस्त, 2005 को 12:16 GMT तक के समाचार

चौदह अमरीकी मरीन सैनिक मारे गए

इराक़ की राजधानी बग़दाद से पश्चिमोत्तर हदीसा शहर में हुए बम हमले में 14 अमरीकी मरीन सैनिक मारे गए हैं. इस हमले में उनके एक अनुवादक की भी मौत हो गई और एक मरीन सैनिक घायल है.

अमरीकी सैनिक अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है. इस हमले को 2003 में इराक़ पर शुरू हुई अमरीकी सैनिक कार्रवाई के बाद से हुए बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है.

सोमवार को भी इसी इलाक़े में अमरीकी सैनिकों पर गोलीबारी हुई थी, जिसमें छह मरीन सैनिक मारे गए थे.

हदीसा शहर सीरिया की सीमा से सटा हुआ है और यहाँ अमरीकी सैनिकों पर विद्रोहियों के हमले होते रहते हैं.

इराक़ में पिछले 10 दिनों के अंदर 37 अमरीकी सैनिक मारे गए हैं. लेकिन हदीसा में हुए हमले को काफ़ी गंभीर माना जा रहा है.

पिछले साल दिसंबर में मूसल में अमरीकी सैनिक अड्डे पर हुए हमले में 14 अमरीकी सैनिक और चार ठेकेदार मारे गए थे.

जबकि नवंबर 2003 में एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना में 17 अमरीकी सैनिक मारे गए थे.