शुक्रवार, 22 जुलाई, 2005 को 15:07 GMT तक के समाचार
लंदन में मैट्रोपोलिटन पुलिस ने गुरूवार को हुए चार धमाकों के सिलसिले में चार लोगों की वीडियो तस्वीरें जारी की हैं जिन पर इन धमाकों में शामिल होने का संदेह है.
पुलिस ने कहा है कि उसे पूछताछ के लिए इन लोगों की तलाश है.
इस बीच आतंकवाद निरोधक पुलिस ने लंदन के दक्षिणी हिस्से से एक व्यक्ति को आतंकवाद से जुड़े होने के आरोप में गिरफ़्तार भी किया है.
लंदन के विभिन्न हिस्सों में कुछ घरों की तलाशी भी ली गई.
मैट्रोपोलिटन पुलिस के आयुक्त सर इयन ब्लेयर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा है कि शुक्रवार को स्टॉकवैल स्टेशन पर पुलिस की गोली से मारे गए व्यक्ति का सीधी संबंध गुरूवार को हुए धमाकों से है.
पुलिस आयुक्त ने आम लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बहुत सी अफ़वाहें फैली रही हैं और लोग उन पर ध्यान ना दें.
उन्होंने कहा कि लंदन पुलिस अभी तक का सबसे बड़ा आतंकवाद विरोधी अभियान चला रही है और अभी तक की सबसे बड़ी चुनौती का सामना कर रही है.
अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने ब्रितानी लोगों के साथ अपनी एकजुटता जताई है. उन्होंने कहा कि अमरीका इस तरह के कठिन समय में ब्रिटेन के साथ खड़ा रहेगा.
पुलिस ने ऐसे चार लोगों की वीडियो तस्वीरें जारी की हैं जिन पर पुलिस के अनुसार गुरूवार के धमाकों में शामिल होने का संदेह है और इनका कुछ विवरण भी जारी किया गया.
पुलिस ने आम लोगों से भी जानकारी देने के लिए आगे आने की अपील की है.
पुलिस आयुक्त सर इयन ब्लेयर ने कहा कि शुक्रवार सुबह क़रीब दस बजे पुलिस ने स्टॉकवैल भूमिगत रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति को रुकने की चेतावनी दी और जब उसने पुलिस का आदेश मानने से इनकार कर दिया तो पुलिस को गोली चलानी पड़ी.
उन्होंने कहा कि पुलिस गोलीबारी में मारे गए इस व्यक्ति का सीधा संबंध गुरूवार को हुए धमाकों की घटनाओं से है.
पुलिस ने इस बारे में और जानकारी देने से फिलहाल इनकार कर दिया.
मैट्रोपोलिटन पुलिस के सहायक आयुक्त एंडी हेयमैन ने कहा कि गुरूवार को तीन भूमिगत रेलवे स्टेशनों और एक बस में बमों में आंशिक रूप से विस्फोट हुए और विस्फोटक सामग्री देसी थी.
एंडी हेयमैन ने कहा कि विस्फोटक सामग्री पीठ पर बाँधे जाने वाले बैगों में भरी थी. उन्होंने यह भी कहा कि अभी यह कहना मुश्किल है कि विस्फोटक सामग्री में धमाका किस तरह किया गया.
घटना
अभी पक्की तरह से पता नहीं चल सका है कि वाकई क्या हुआ, लेकिन बीबीसी के एक संवाददाता का कहना है कि पुलिस ने गोली तभी चलाई होगी जब उन्हें सचमुच लगा होगा कि कोई बड़ा ख़तरा है.
एक प्रत्यक्षदर्शी मार्क व्हिटबी ने टेलीविज़न चैनल - बीबीसी न्यूज़ को बताया कि सादी वर्दी वाले पुलिसकर्मियों ने उस व्यक्ति को पाँच बार गोली मारी.
इस घटना के बाद स्टॉकवेल स्टेशन को ख़ाली करा लिया गया.
पुलिस के अनुरोध पर तत्काल विक्टोरिया और नॉर्दर्न लाइन की सभी सेवाओं को स्थगित कर दिया गया जिसे कुछ घंटों के बाद फिर शुरू कर दिया गया.
लेकिन स्टॉकवेल स्टेशन बंद है और वहाँ पुलिस ने घेराबंदी की हुई है.
पुलिस ने स्टॉकवेल स्टेशन पर हुई इस घटना के बाद 200 मीटर के इलाक़े को घेर लिया है.
माहौल
एक प्रत्यक्षदर्शी व्हिटबी ने बीबीसी को बताया, "मैं ट्रेन में बैठकर अख़बार पढ़ रहा था. तभी मैंने शोरग़ुल सुना. लोग चिल्ला रहे थे- बाहर निकलो, नीचे हो जाओ. मैंने देखा कि एशियाई मूल का एक व्यक्ति भागते हुए आ रहा था और सादी वर्दी में तीन पुलिसवाले उसका पीछा कर रहे थे."
व्हिटबी के अनुसार पुलिसवालों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और फिर पाँच गोली मार दी.
एक और यात्री एलिसन बॉडिच ने भी बीबीसी को घटना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिस समय गोलीबारी शुरू हुई, ट्रेन स्टेशन पर खड़ी थी.
उन्होंने बताया, "उस समय बहुत शोर-शराबा हो रहा था. तभी गोलियाँ चलने की आवाज़ आई. लोग चिल्ला रहे थे- बाहर निकलो, बाहर निकलो."
ब्रिक्स्टन के जेसन डिनेस ने बताया कि हर ओर अफ़रा-तफ़री का माहौल था और लोग बाहर निकलने के लिए भाग रहे थे.
उन्होंने बताया कि इतना शोर हो रहा था कि ड्राइवर की सलाह भी किसी को सुनाई नहीं दे रही थी.
गुरुवार को लंदन में हुए चार धमाकों के बाद से ही पुलिस संदिग्ध आत्मघाती हमलावरों की तलाश कर रही है. पुलिस ने इसके लिए व्यापक अभियान छेड़ रखा है.
यहाँ हुई थी गुरुवार की घटना