बुधवार, 20 जुलाई, 2005 को 14:12 GMT तक के समाचार
इराक़ में पुलिस का कहना है कि एक आत्मघाती हमलावर ने बुधवार को राजधानी बग़दाद में सेना भर्ती केंद्र पर बम धमाका किया जिसमें सेना में शामिल होने आए कम से कम 8 युवा मारे गए और कई घायल हो गए.
पुलिस का कहना है कि हमलावर भर्ती केंद्र के बाहर इंतज़ार कर रहे लोगों के गुट में शामिल हो गया और विस्फोटकों से भरी अपनी पेटी से धमाका कर दिया.
इस जुलाई महीने में यह दूसरा हमला है जब सेना के भर्ती केंद्र को निशाना बनाया गया है.
इस हमले से ठीक पहले इराक़ी संसद ने तीन मिनट का मौन रखकर उन लोगों को श्रद्धांजली दी जो पिछले दो बम धमाकों में मारे गए थे.
इसी बीच इराक़ी संविधान तैयार कर रही समिति के कई सुन्नी सदस्यों ने पद छोड़ने का ऐलान किया है क्योंकि मंगलवार को उनके दो साथियों की हत्या कर दी गई थी.
बग़दाद में मौजूद एक बीबीसी संवाददाता का कहना है कि संविधान का मसौदा करने वाली समिति अपना काम तेज़ी से कर रही है और संभावना है कि अगस्त तक यह संविधान का मसौदा पेश भी कर देगी.
संवाददाता का कहना है कि काफ़ी लंबे विचार विमर्श के बाद इस समिति में सुन्नी प्रतिनिधियों को शामिल किया गया था और मंगलवार के हमले का साफ़ मक़सद देश में चल रही राजनीतिक प्रक्रिया को झटका पहुँचना था.