http://www.bbcchindi.com

इसराइली हमले में हमास कार्यकर्ता मरे

मध्य पूर्व में इसराइल और फ़लस्तीनियों के बीच पिछले पाँच महीने से जारी संघर्षविराम ख़तरे में पड़ता नज़र आ रहा है.

इसराइल ने गज़ा पट्टी और पश्चिमी तट में फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास के ख़िलाफ़ कार्रवाई करते हुए हवाई हमले किए हैं जिनमें कम-से-कम छह लोग मारे गए हैं.

मारे जानेवालों में से चार लोग हमास के सदस्य थे.

इसराइली सेना ने ये कार्रवाई गुरूवार को हमास के एक आत्मघाती हमले के बाद की जिसमें एक इसराइली महिला की मौत हो गई थी.

हमास का कहना है कि उसने ये हमला फ़लस्तीनियों के नियंत्रण वाले इलाक़े में इसराइली सेना की कार्रवाई का जवाब देने के लिए किया.

इस हमले के बाद गज़ा पट्टी में फ़लस्तीनियों में ही आपस में संघर्ष छिड़ गया और फ़लस्तीनी सुरक्षाबलों और हमास कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई.

इस झड़प में दो आम लोग मारे गए जो उस जगह खड़े थे जहाँ संघर्ष हो रहा था.

बीबीसी के यरूशलम स्थित संवाददाता का कहना है कि फ़लस्तीनी सुरक्षाबलों के लिए स्थिति को संभालना बिल्कुल मुश्किल लग रहा था और लगता है कि इसराइल ने हालात संभालने की ज़िम्मेदारी अपने हाथ में ले ली.

इसराइली सेना ने संघर्ष के बारे में अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.