http://www.bbcchindi.com

रविवार, 10 जुलाई, 2005 को 05:45 GMT तक के समाचार

डेनिस तूफ़ान अमरीका की ओर बढ़ा

कैरीबियाई क्षेत्रों में तबाही मचाने के बाद डेनिस नाम का तूफ़ान दक्षिण-पूर्व अमरीका की ओर बढ़ रहा है.

ये तूफ़ान रविवार को अमरीका के फ़्लोरिडा और लुइज़ियाना राज्य तक पहुँच सकता है.

तूफ़ान आने से पहले ही फ़्लोरिडा में भारी बारिश के कारण सड़कें पानी में डूब गई हैं और तेज़ हवा के कारण पेड़ गिर गए हैं और बिजली चली गई है.

एहतियात के तौर पर अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने का सुझाव दिया है जिसके बाद लगभग 12 लाख लोग अपने घरों से निकल चुके हैं.

फ़्लोरिडा के गवर्नर और अमरीकी राष्ट्रपति के भाई जेब बुश ने कहा है,"ये गंभीर स्थिति है. ये एक ख़तरनाक तूफ़ान है".

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मेक्सिको की खाड़ी की तरफ़ से आ रहे इस तूफ़ान की गति लगातार बढ़ रही है और 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवा चल सकती है.

मयामी में अमरीकी नेशनल हरिकेन सेंटर का कहना है कि अटलांटिक क्षेत्र में इस मौसम का ये पहला बड़ा तूफ़ान है.

पिछले वर्ष इस क्षेत्र में चार्ली, फ़्रांसिस, इवान और जीन नाम के चार बड़े तूफ़ान आए थे.

तबाही

इस सप्ताह डेनिस तूफ़ान ने कैरीबियाई देशों में भारी तबाही मचाई.

क्यूबा और हेती में कम-से-कम 20 लोग मारे गए हैं जबकि हज़ारों लोग बेघर हो गए हैं.

हेती में अभी भी 200 लोग लापता बताए जा रहे हैं.

क्यूबा में तूफ़ान के कारण कम-से-कम 10 लोग मारे गए हैं और हज़ारों लोग बेघर हो गए हैं.

शुक्रवार को ये तूफ़ान क्यूबा के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में पहुँचा जहाँ इसके कारण भारी बारिश हुई और 240 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से आँधी चली.

तूफ़ान के कारण बिजली चली गई और कई भवनों को नुक़सान पहुँचा.

लगभग छह लाख लोगों को अपने घरों से भागना पड़ा.