शनिवार, 09 जुलाई, 2005 को 22:06 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन के दूसरे बड़े शहर बर्मिंघम में शनिवार देर शाम शुरू किए गए एक बड़े सुरक्षा अभियान के बाद अब स्थिति सामान्य होती जा रही है.
पुलिस ने ख़ुफ़िया जानकारी मिलने के बाद शहर के मध्य स्थित सिटी सेंटर में एक बड़ा सुरक्षा अभियान चलाया था.
शनिवार देर शाम सिटी सेंटर को खाली करवाकर वहाँ से लगभग 20,000 लोगों को बाहर निकलवाया गया.
वहाँ बड़े पैमाने पर बार और रेस्त्रां की तलाशी ली गई और सभी वाहनों को वापस लौटा दिया गया.
पुलिस के अनुसार शहर की ब्रॉड स्ट्रीट पर स्थित एक होटल में एक संदिग्ध पैकेट पाया गया लेकिन बम विरोधी दस्तों ने उसकी जाँच के बाद पाया कि वह बम नहीं था.
इससे पहले शनिवार शाम को भी एक संदिग्ध पैकेट मिला था जिसके कारण चिंता फैली मगर वह विस्फोटक नहीं निकला.
वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिस ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर ये कार्रवाई की गई है उसका लंदन में दो दिन पहले हुए धमाकों से कोई संबंध नहीं है.
महत्वपूर्ण है कि सात जुलाई को लंदन में तीन भूमिगत रेलगाड़ियों और एक बस हुए धमाकों में कम-से-कम 49 लोग मारे गए और कई अब भी लापता हैं.
अभियान
शनिवार रात लगभग नौ बजे लोगों से बर्मिंघम के 'सिटी सेंटर' विशेष तौर पर ब्रॉड स्ट्रीट को खाली कर देने के लिए कहा गया.
पुलिस ने कहा कि कॉरपोरेशन स्ट्रीट में एक बस में चार नियंत्रित विस्फोट किए गए लेकिन अधिकारियों का अब मानना है कि शायद विस्फोट के ज़रिए नष्ट किए गए पदार्थ ख़तरनाक नहीं थे.
पुलिस ने ब्रॉड स्ट्रीट में मिले एक लावारिस पैकेट की भी जाँच की जो ख़तरनाक नहीं पाया गया.
एक नागरिक ने बीबीसी को बताया कि कुछ भी समझ में नहीं आ रहा और लोगों को उस इलाक़े में दोबारा जाने देने की संभावना कम है लेकिन लोग शांत हैं.
एक पुलिस प्रवक्ता के अनुसार फ़िलहाल ख़ुफ़िया जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता लेकिन पुलिस इस जानकारी पर पूरी गंभीरता के कार्रवाई कर रही है.