शनिवार, 02 जुलाई, 2005 को 11:28 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी वायुसेना ने उस इलाक़े में संदिग्ध तालेबान छापामारों के अड्डे पर हमला किया है जहाँ कुछ अमरीकी सैनिक लापता हो गए हैं.
एक वरिष्ठ अमरीकी अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि अफ़ग़ानिस्तान के कुनार प्रांत में चेचल नाम के गाँव पर हुए दो हवाई हमलों में 25 लोग मारे गए हैं.
वहीं अमरीकी सेना के एक प्रवक्ता लेफ़्टिनेंट कर्नल जेरी ओ हारा ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि हमले का निशाना "शत्रुओं का एक परिसर" था.
प्रवक्ता ने हमले का कोई ब्यौरा तो नहीं दिया लेकिन इतना बताया कि हमला ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर किया गया था.
हमले
अफ़ग़ानिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बीबीसी को हमले का ब्यौरा देते हुए बताया कि चेचल गाँव पर दो बार हमले हुए.
अधिकारी ने बताया कि पहले हमले के बाद गाँववाले हताहतों को देखने गए हुए थे जब दूसरी बार हमला किया गया.
अधिकारी के अनुसार अफ़ग़ान सुरक्षाबलों को ये देखने के लिए भेजा गया है कि जिन घरों पर हमले हुए वहाँ कौन थे.
लापता सैनिक
अमरीकी वायुसेना ने ये हमले ऐसे समय किए हैं जब अमरीकी विशेष सेना के एक गश्ती दल की ज़ोर-शोर से तलाश चल रही है.
पिछले मंगलवार से ही इस गश्ती दल का कोई पता नहीं चल पा रहा है.
मंगलवार को इस गश्ती दल को लाने के लिए एक हेलीकॉप्टर भेजा गया था मगर उसे मार गिराया गया जिसमें उसपर सवार सभी 16 अमरीकी सैनिक मारे गए थे.
गश्ती दल की तलाश कर रही अमरीकी सेना का कहना है कि ख़राब मौसम के कारण उन्हें गश्ती दल को खोजने में परेशानी आ रही है.