http://www.bbcchindi.com

प्रतिबंध के बावजूद समलैंगिकों की रैली

पोलैंड की राजधानी वारसॉ में प्रतिबंध के बावजूद समलैंगिकों के अधिकारों के दो हज़ार से ज़्यादा समर्थकों ने प्रदर्शन किया है.

प्रदर्शन के आयोजकों का कहना था कि वे पोलैंड के रोमन कैथोलिक समाज में समलैंगिकों की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहते थे.

प्रदर्शन में देश के उपप्रधानमंत्री इज़ाबेला जारुगा-नोवाका भी शामिल हुईं.

लेकिन प्रदर्शन के दौरान दक्षिणपंथी राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों पर अंडे फेंके और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया.
वारसॉ के मेयर ने वहाँ प्रदर्शन करने पर लगातार दूसरे साल प्रतिबंध लगाया हुआ था क्योंकि उनके अनुसार ऐसे प्रदर्शनों से समलैंगिकता को बढ़ावा मिलता है.

उन्होंने पुलिस की आलोचना की और कहा कि पुलिस ने अवैध तरीके से एकत्र हुए लोगों को सुरक्षा प्रदान की.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि महत्वपूर्ण है कि संभावना जताई गई है कि वारसॉ के मेयर लैक कैक्ज़िंस्की अगले साल होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव जीत सकते हैं.