सोमवार, 30 मई, 2005 को 09:28 GMT तक के समाचार
इराक़ में शिया बहुल शहर हिला में दो आत्मघाती बम हमले हुए हैं जिनमें कम-से-कम 20 लोगों के मारे जाने का समाचार है.
एक हमला तब हुआ जब एक आत्मघाती हमलावर ने प्रदर्शन कर रहे कुछ पूर्व पुलिसकर्मियों के बीच जाकर अपने आपको उड़ा लिया.
ये पूर्व पुलिसकर्मी अपनी सेवा को बंद कर दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे.
दूसरा विस्फोट एक मेडिकल क्लीनिक के बाहर हुआ जहाँ सेना और सिविल सेवा में भर्ती होनेवाले नए लोग अपने स्वास्थ्य की जाँच करवाने के लिए जुटे थे.
इराक़ी पुलिस का कहना है कि दोनों हमलों में लगभग 100 लोग घायल हुए हैं.
ये हमले ऐसे समय हुए हैं जब इराक़ी सेना बग़दाद में चरमपंथियों के विरूद्ध एक बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है जिसका नाम ऑपरेशन लाइटनिंग रखा गया है.
गिरफ़्तारी
इस बीच इराक़ की एक प्रमुख सुन्नी पार्टी, इस्लामिक पार्टी के नेता मोहसिन अब्दुल हमीद को रिहा कर दिया गया है.
पार्टी ने सोमवार सुबह कहा था कि अमरीकी सेना ने उनके नेता, मोहसिन अब्दुल हमीद को गिरफ़्तार कर लिया है.
अब्दुल हमीद की पत्नी ने कहा है कि सोमवार तड़के उनके पति को ले जाया गया.
इसके बाद इराक़ के राष्ट्रपति जलाल तालाबानी ने भी इस गिरफ़्तारी की निंदा की और उन्हें रिहा करने की माँग की.
लेकिन अमरीकी सेना ने इस गिरफ़्तारी के बारे में कुछ नहीं कहा.
इस्लामिक पार्टी ने जनवरी में हुए चुनाव का बहिष्कार किया था और वह बग़दाद के नए सैनिक अभियान का भी विरोध कर रही है.