बुधवार, 18 मई, 2005 को 03:51 GMT तक के समाचार
बग़दाद की अबू ग़रेब जेल में इराक़ी सैनिकों के साथ दुर्व्यवहार की दोषी पाई गई एक अमरीकी महिला सैनिक सबरीना हरमन को छह महीने क़ैद की सज़ा सुनाई गई है.
अबू ग़रेब जेल में इराक़ी बंदियों के साथ दुर्व्यवहार के चर्चित मामले में सज़ा पानेवाली वे दूसरी अभियुक्त हैं.
उनसे पहले इस वर्ष जनवरी में अबू ग़रेब कांड के मुखिया चार्ल्स ग्रेनर को 10 साल की सज़ा सुनाई गई थी.
एक अमरीकी सैनिक अदालत ने सबरीना हरमन को मंगलवार को सात में से छह मामलों में दोषी पाया था.
इसके बाद उन्हें साढ़े पाँच वर्ष तक की सज़ा दी जा सकती थी.
27 वर्षीय सबरीना ने अपने अपराध के लिए ये कहते हुए माफ़ी माँगी थी कि उनके कारण अमरीका के प्रति घृणा बढ़ी जिससे सैनिकों और नागरिकों के लिए ख़तरा बढ़ गया.
अबू ग़रेब जेल में क़ैदियों के साथ दुर्व्यवहार मामले में जिन नौ सैनिकों के विरूद्ध मुक़दमा चल रहा था उनमें सबरीना हरमन अंतिम थी.
टेक्सास में मंगलवार को मुक़दमे के समय दोषी ठहराए जाते वक़्त सबरीना के चेहरे पर कोई भाव नहीं था.
अबू ग़रेब जेल में इराक़ी बंदियों के साथ दुर्व्यवहार की विवादस्पद तस्वीरों में सबरीना हरमन भी नज़र आती हैं.
एक अन्य महिला सैनिक लिंडी इंग्लैंड के ख़िलाफ़ भी इसी तरह के आरोपों के तहत मुक़दमा चला था जो इस महीने के अंत में रूक गया.
अब सैनिक अधिकारियों को ये तय करना है कि इस मामले को फिर खोला जाए या नहीं.
इस विवाद के मुखिया कहे जानेवाले लिंडी के पूर्व मित्र चार्ल्स ग्रेनर को इस वर्ष जनवरी में 10 साल की सज़ा सुनाई गई थी.