http://www.bbcchindi.com

रविवार, 01 मई, 2005 को 18:12 GMT तक के समाचार

इराक़ में कुर्द बने निशाना, 25 की मौत

उत्तरी इराक़ में जनाज़े के दौरान हुए एक कार बम धमाके में कम से कम 25 लोग मारे गए हैं और 30 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

मूसल के पास तलफ़ार शहर में एक आत्मघाती हमलावर ने एक कुर्द अधिकारी के जनाज़े को निशाना बनाया.

कुर्द अधिकारी तालिब वहाब कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी से सदस्य थे और चरमपंथियों ने शनिवार को उनकी हत्या कर दी थी.

उप प्रांतीय गवर्नर ने बताया कि मरने वाले सभी लोग जनाज़े में शामिल होने आए थे.

उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद बंदूकधारियों ने इराक़ी और अमरीकी सैनिकों को मौक़े पर नहीं पहुँचने दिया और उसके बाद हिंसा भड़क उठी.

अन्य घटनाएँ

इससे पहले रविवार को राजधानी बग़दाद में दो अलग-अलग हमलों में पाँच पुलिसकर्मी और चार आम नागरिक मारे गए.

उधर फ़लूजा में भी एक रॉकेट हमले में तीन इराक़ी नागरिक मारे गए.

इस बीच इराक़ी पुलिस ने ब्रिटिश सहायताकर्मी मार्गरेट हसन की हत्या के मामले में कई लोगों को गिरफ़्तार करने का दावा किया है.

संवाददाताओं के अनुसार इराक़ में सरकार गठन के प्रयास तेज़ होने के दौरान पिछले दो सप्ताह में चरमपंथी हमलों में भी तेज़ी आई है.

पिछले तीन दिनों के दौरान ही हमलों में 90 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.