गुरुवार, 21 अप्रैल, 2005 को 09:36 GMT तक के समाचार
इराक़ में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है जिसमें नौ लोग मारे गए हैं. आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे चरमपंथियों का हाथ है.
रुस में निर्मित एमआई 8 हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल अमरीकी कंपनी कर रही थी. टेलीविज़न पर दिखाए जा रहे चित्रों में हेलीकॉप्टर का मलबा ब़गदाद के बाहर गिरा दिखाया जा गया है.
इसके अलावा भी चरमपंथियों ने कार्रवाईयां की हैं जिसमें निवर्तमान प्रधानमंत्री ईयाद अलावी और विदेशी ठेकेदारों पर हमला शामिल है.
अलावी पर एक बार फिर जानलेवा हमला किया गया जिसमें वो बाल बाल बच गए.
अलावी के प्रवक्ता ने बताया कि उनके क़ाफ़िले के पास एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट किया लेकिन अलाववी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.
इस हमले में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है.
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुरुवार को बगदाद हवाई अड्डे के पास सड़क पर उन वाहनों को निशाना बनाया गया जिनमें विदेशी लोग थे. इस घटना में भी दो लोगों की मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर लगाए गए बमों की चपेट में तीन वाहन आए. अब इस सड़क पर अमरीकी सेना का कब्ज़ा है.
बुधवार को ब़गदाद में पांच विस्फोट हुए हैं.
संवाददाताओं का कहना है कि चरमपंथियों ने कुछ हफ्तों में फिर से खुद को संगठित करके हमले करना शुरु कर दिया है.
बीबीसी संवाददाता जिम म्युर कहते हैं कि पिछले एक दो दिनों में कई हत्याएं हो गई हैं और आत्मघाती हमले भी शुरु हो गए हैं.
अल क़ायदा का दावा
इंटरनेट पर जारी एक बयान में अल क़ायदा ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी ली है.
माना जा रहा है कि जार्डन के चरमपंथी अबू मूसब अल ज़रकावी के नेतृत्व वाले अल कायदा के गुट ने अमरीकी सैनिकों को निशाना बनाया है..
हालांकि इस तरह के दावों की पुष्टि करना अत्यंत मुश्किल ही है.
अलावी पर इससे पहले भी कातिलाना हमला हो चुका है और उनके पार्टी कार्यालय के पास आत्मघाती विस्फोट भी किए जा चुके हैं.