शुक्रवार, 25 फ़रवरी, 2005 को 21:37 GMT तक के समाचार
इराक़ में अमरीकी सेना ने कहा है कि राजधानी बग़दाद के उत्तरी इलाक़े में एक बम धमाके में तीन अमरीकी सैनिकों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए.
अमरीकी सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि सैनिक बग़दाद के उत्तरी शहर तरमीया में पैदल गश्त लगा रहे थे कि तभी उन पर बमों से हमला किया गया.
मौक़े पर मौजूद लोगों का कहना है कि बमों को संभवतः सड़क के किनारे पेड़ों में छुपाया गया था.
बम धमाकों से सैनिकों की लाशें हवा में उछल गईं और तभी उन पर गोलियाँ भी चलाईं गईं.
इराक़ी अधिकारियों ने कहा है कि एक अन्य घटना में उन्होंने चरमपंथी नेता अबू मुसाब अल ज़रक़ावी के एक सहायक को पकड़ लिया है.
इराक़ी अधिकारियों ने कहा है कि पकड़े गए व्यक्ति का नाम अबू क़ूतयबाह बताया गया है और वह अन्य चरमपंथी नेताओं के साथ रसद का इंतज़ाम करने और संबंध क़ायम रखने के लिए ज़िम्मेदार रहा है.